नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील
सिवनी – नगर की ऐतिहासिक धरोहर एवं प्रमुख जलस्रोत दल सागर तालाब को स्वच्छ, सुंदर और संरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 12 जून 2026, शुक्रवार को प्रात: 7:30 बजे पुरानी चौपाटी लाइब्रेरी के सामने विशेष श्रमदान आधारित स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान कलेक्टर नेहा मीना के मार्गदर्शन में संचालित होगा।
जिला प्रशासन ने नगर के समस्त नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, व्यापारी संगठनों, सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपनी-अपनी टीम के साथ अभियान में शामिल होकर श्रमदान करने की अपील की है।
कलेक्टर ने कहा कि दल सागर तालाब केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि सिवनी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। सामूहिक सहभागिता से ही इस धरोहर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखा जा सकता है।
प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से न केवल तालाब की सफाई होगी, बल्कि नागरिकों में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक संपत्तियों के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी। अभियान के दौरान तालाब परिसर में सफाई, कचरा संग्रहण एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।
जिला प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाएं तथा स्वच्छ, सुंदर और हरित सिवनी के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

