16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा, जनसहभागिता से महोत्सव को भव्य बनाने की तैयारी
अनूपपुर 11 जून (आरएनएस)। भगवान श्री जगन्नाथ जी की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा महोत्सव के आयोजन को लेकर अनूपपुर में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। गत वर्ष की भव्य सफलता के पश्चात इस वर्ष भी इस्कॉन अनूपपुर द्वारा समस्त भगवद्भक्तों, श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के सहयोग से 16 जुलाई 2026 को भगवान जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा।
रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों, विभिन्न सेवाओं के समन्वय एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से 14 जून 2026 (रविवार) को प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक इस्कॉन अनूपपुर केंद्र में एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
आयोजन समिति एवं इस्कॉन अनूपपुर के प्रतिनिधियों ने नगर के सभी भक्तों, समाजसेवियों, शुभचिंतकों तथा रथयात्रा महोत्सव से जुड़े सेवकों से बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है। समिति का मानना है कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही रथयात्रा महोत्सव को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव, आध्यात्मिक जागरण एवं सांस्कृतिक एकता का महापर्व है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन, रथ सेवा एवं हरिनाम संकीर्तन का लाभ प्राप्त करते हैं।
आयोजन समिति ने समस्त नगरवासियों एवं भक्तजनों से अपील की है कि वे बैठक में सहभागी बनकर रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों में अपना सहयोग प्रदान करें तथा इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

