डिंडोरी 11 जून (आरएनएस)। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मार्च 2026 तिमाही पश्चात जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (ष्ठरुष्टष्ट) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (ष्ठरुक्रष्ट) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक शाहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि एस. सरवन, नाबार्ड प्रतिनिधि तेजस राज, अग्रणी जिला प्रबंधक रविशंकर सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक द्वारा जिले की बैंकिंग एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि मार्च 2026 तिमाही के पश्चात जिले का सीडी रेश्यो 50 प्रतिशत दर्ज किया गया है। जिले के वार्षिक साख लक्ष्य 77,963 लाख रुपये के विरुद्ध 77,396 लाख रुपये की उपलब्धि हासिल की गई, जो लक्ष्य का 99.27 प्रतिशत है। साथ ही गैर-निष्पादित आस्तियां (एनपीए) 7.20 प्रतिशत से घटकर 6.06 प्रतिशत हो गई हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 1,93,723 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ प्रदान किया गया है। इसके अतिरिक्त 5,38,735 जनधन खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 3,25,971, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 1,57,305 तथा अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 50,512 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है।
बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना में 63 के लक्ष्य के विरुद्ध 63 प्रकरण स्वीकृत किए गए। मध्यप्रदेश दीनदयाल अंत्योदय योजना (एसआरएलएम) में 8,219 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 8,524 लाख रुपये के प्रकरण स्वीकृत किए गए। प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्ट्रीट वेंडर योजना के अंतर्गत विभिन्न चरणों में निर्धारित लक्ष्यों से अधिक प्रकरण स्वीकृत किए गए। इसी प्रकार भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में भी निर्धारित लक्ष्यों से अधिक उपलब्धि दर्ज की गई।
कलेक्टर भदौरिया ने जिले की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी बैंकों एवं विभागों को निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए अभी से कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारंभ करें, ताकि अक्टूबर माह तक सभी योजनाओं के लक्ष्य शत-प्रतिशत प्राप्त किए जा सकें।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने सभी बैंकों से जनसुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत बीमाधारकों को बीमा पावती उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक श्री रविशंकर द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात बैठक का समापन हुआ।

