जबलपुर 11 जून (आरएनएस)। अवैध हथियारों के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। क्राइम ब्रांच और बरेला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो तलवार और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि परसवाड़ा निवासी प्रशांत पटेल, देव कुमार रजक और विक्रम रजक द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड किए जाने की सूचना मिलने पर उनकी तलाश की गई। पूछताछ के दौरान प्रशांत पटेल ने अपने घर में पलंग के नीचे एक दोमुंही तलवार, देव कुमार रजक ने अपनी नानी के घर के छप्पर में बटनदार चाकू तथा विक्रम रजक ने अपने घर में एक धारदार तलवार छिपाकर रखना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दबिश देकर हथियार बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय प्रशांत पटेल, 20 वर्षीय देव कुमार रजक और 20 वर्षीय विक्रम रजक शामिल हैं। तीनों निवासी परसवाड़ा, थाना बरेला क्षेत्र के हैं।
थाना बरेला पुलिस ने 10 जून 2026 को तीनों आरोपियों के विरुद्ध अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी नितिन पांडे, एएसआई देवेंद्र कुमार प्रजापति, प्रधान आरक्षक कमलेश यादव, राकेश सिंह, आरक्षक राजेश तथा क्राइम ब्रांच के एएसआई अनिल पटेल, प्रधान आरक्षक रूस्तम अली, आरक्षक राजेश मिश्रा, प्रदीप तेकाम और राजेश मातरे की सराहनीय भूमिका रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

