नई दिल्ली। अगर आप केक, मिठाई, स्नैक्स या बाहर से पैक कराया हुआ खाना खरीदते हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। खाद्य सुरक्षा नियामक Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) ने देशभर के खाद्य कारोबारियों के लिए नई एडवाइजरी जारी करते हुए खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग में स्टेपलर पिन, धातु के तार या इसी तरह की अन्य धातु सामग्री के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला उपभोक्ताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
FSSAI के अनुसार उसके संज्ञान में कई ऐसे मामले आए हैं, जिनमें केक, मिठाई के डिब्बों, स्नैक पैकेटों और टेकअवे फूड पैकेजिंग में स्टेपलर पिन या धातु के तार पाए गए। कुछ मामलों में ये पिन खाद्य पदार्थों में धंसी हुई या उनसे चिपकी मिलीं, जिससे उपभोक्ताओं की सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया।
नियामक का कहना है कि यदि ऐसी धातु की पिन गलती से भोजन के साथ निगल ली जाए तो इससे मुंह, गले, भोजन नली या पाचन तंत्र में गंभीर चोट लग सकती है। यही वजह है कि इस तरह की पैकेजिंग सामग्री को खाद्य सुरक्षा के लिए जोखिम माना गया है।

