निपुण भारत मिशन को मिलेगी नई गति, निपुण संकल्प कार्यशाला का हुआ आयोजन
बाराबंकी 7 जुलाई (आरएनएस)। निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन तथा बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को लखनऊ पब्लिक स्कूल एंड कॉलेज, असेनी में बाराबंकी एवं अयोध्या जनपद के खंड शिक्षा अधिकारियों, डायट मेंटर्स, राज्य स्तरीय संदर्भ समूह (एसआरजी) तथा एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के लिए जनपद स्तरीय एक दिवसीय निपुण संकल्प कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह (आईएएस) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि निपुण भारत मिशन का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) में दक्ष बनाना है। यह तभी संभव होगा जब शिक्षक नवाचारी एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को अपनाते हुए प्रत्येक बच्चे के अधिगम पर विशेष ध्यान दें। जिलाधिकारी ने कहा कि एफएलएन लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त करना सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सक्रिय भूमिका, विद्यालयों का सकारात्मक शैक्षिक वातावरण, सतत शैक्षणिक अनुश्रवण तथा नियमित मूल्यांकन मिशन की सफलता के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालयों का नियमित शैक्षणिक पर्यवेक्षण करने तथा नवाचारों के माध्यम से शिक्षण की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया। कार्यशाला में निपुण भारत मिशन के विजन, उद्देश्यों एवं रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने एफएलएन लक्ष्यों की प्राप्ति, प्रभावी कक्षा शिक्षण, अधिगम परिणामों में सुधार, शिक्षण गुणवत्ता के संवर्धन तथा विद्यालयों में प्रेरक एवं सीखने के अनुकूल वातावरण विकसित करने के विभिन्न आयामों पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों को मिशन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने तथा विद्यालय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक नवाचारों से भी अवगत कराया गया। कार्यशाला का संचालन जिला समन्वयक (निपुण) अमित कुमार श्रीवास्तव, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) विनीता मिश्रा तथा निपुण भारत मिशन के विशेषज्ञ शिवेश एवं पल्लवी ने किया। इस अवसर पर डायट प्राचार्य अमित कुमार यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, डायट प्रवक्ता आनंद यादव, महेंद्र यादव, लाल चंद्र, जहीर अहमद, अभिसारिका वर्मा, स्वर्णिका, सुकेश रंजन, अमित कुमार राय, एसआरजी राहुल शुक्ला एवं पद्मजा पाण्डेय, खंड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार, सुषमा सेंगर, फिजा मिर्जा, चंद्रशेखर यादव, मनीराम, उमेश यादव, सुभाष तिवारी, प्रदीप श्रीवास्तव, मनोज चौधरी, विपिन कुमार, दिलीप तिवारी, दिवाकर अवस्थी, मंजुला सिंह, ललिता सिंह, शिखा सिंह सहित बाराबंकी एवं अयोध्या के शिक्षा विभाग के अधिकारी, डायट मेंटर्स, एसआरजी, एआरपी तथा शैक्षिक संसाधन समूह के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से विद्यालयों तक पहुंचाने, प्रत्येक बच्चे को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में दक्ष बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और परिणामोन्मुखी शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

