सीतापुर 15 जुलाई (आरएनएस)। मुख्य विकास अधिकारी डा0 दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में माह जुलाई 2026 के किसान दिवस का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में कृषि, उत्पादन से सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगणों के साथ ही किसान बन्धु व कृषक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। किसान दिवस में सर्वप्रथम उप कृषि निदेशक सीतापुर द्वारा किसान दिवस में प्रतिभाग करने वाले सभी कृषकों एवं अधिकारियों का स्वागत किया गया। तदोपरान्त जिला कृषि रक्षा अधिकारी द्वारा गत माह में आयोजित किसान दिवस में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया गया।
साथ ही कृषक भाईयों को खरीफ फसलों में लगने वाले रोगध्कीट एवं खरपतवार के नियंत्रण के बारे में जानकारी प्रदान की गई। जिला कृषि अधिकारी सीतापुर द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में उर्वरक की प्राप्ति हेतु कृषक भाई ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करें। मुख्य विकास अधिकारी महोदया द्वारा निर्देशित किया गया कि अग्रिम किसान दिवस में समस्त विभाग अपने विभाग के अन्तर्गत चलने वाली योजनाओं के बारे में अनिवार्य रूप से चर्चा करेंगे तथा किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर अनुपालन आख्या एक सप्ताह के अन्दर शिकायतकर्ता के साथ ही उप कृषि निदेशक कार्यालय सीतापुर को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाये। किसान दिवस में 24 समस्याएं प्राप्त हुईं। जिसमें सर्वाधिक विद्युत विभाग से थीं, सम्बन्धित को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण हेतु अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

