लखनऊ 10 नवंबर (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की बढ़त को समाजवादी पार्टी ने ही रोका था और अब 2027 में समाजवादी सरकार बनाना हमारा अगला लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए 2027 का चुनाव निर्णायक साबित होगा। अखिलेश यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी ने अभी किसी भी प्रत्याशी का चयन नहीं किया है।अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एसआईआर मतगणना प्रक्रिया पर पूरी गंभीरता से ध्यान देना होगा। मतदाताओं के नाम सूची से कटने न पाएँ और जिनके नाम जोड़े जाने हैं, उनके फार्म तत्काल भर दिए जाएँ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रशासन से मिलकर शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में समाजवादी समर्थकों के वोट नहीं बनने दिए, इसलिए मतदाता सूची संशोधन की तारीख बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि सरकार अपने बनाए आधार कार्ड को भी नहीं मान रही है, अच्छा होगा कि अब ये मेटल के बनाए जाएँ। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के सामने पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) एक बड़ी चुनौती बन गया है। पीडीए के साथ समाज के सभी वर्ग एकजुट हैं, जबकि भाजपा लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि वे अपने व्यवहार को शालीन रखें और किसी भी विवादित बयानबाजी से बचें।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना की पक्षधर है और अब इस मांग का समर्थन अन्य दल भी करने लगे हैं। जातीय जनगणना से पिछड़े, दलित और वंचित समाज को उनका वास्तविक हक और सम्मान मिलेगा तथा विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी।बैठक में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, पूर्व नेता विपक्ष रामगोविन्द चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल समेत वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

