सुल्तानपुर 10 नवंबर (आरएनएस )। जिले के प्रयागराज अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लोहरामऊ रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के मरम्मतीकरण में सुस्ती का आलम बना हुआ है। मरम्मत कार्य इतनी धीमी रफ्तार से चल रहा है कि नौ दिन चले अढ़ाई कोस वाली कहावत यहां सटीक साबित हो रही है।
ब्रिज का बायां हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सुरक्षा कारणों से लगभग 100 वर्ग फीट क्षेत्र में नई छत ढालने की प्रक्रिया शुरू की गई है, लेकिन कार्य की गति बेहद धीमी है। पिछले एक सप्ताह में सिर्फ जर्जर हिस्से का मलवा हटाया जा सका है। कार्य में हो रही देरी के कारण फिलहाल पूरे नवंबर माह तक भारी वाहन शहर के भीतर से ही गुजरेंगे। इससे नगर क्षेत्र की सड़कों पर दिन-प्रतिदिन जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय निवासी संदीप का कहना है, मरम्मत कार्य इतना धीरे चल रहा है कि हर दिन हादसे का डर बना रहता है। शहर की गलियों में ट्रक और ट्रेलर घुस रहे हैं, जिससे बच्चों और राहगीरों को खतरा बढ़ गया है। वहीं विभागीय अधिकारी ने बताया कि कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए मरम्मत की जा रही है। अधिकारी के अनुसार, काम को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। दिसंबर माह तक भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट करने की संभावना है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

