जयसिंहपुर/सुल्तानपुर 10 नवंबर (आरएनएस )। जयसिंहपुर में सोमवार भोर करीब 4 बजे एक सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर राजेश (38) की मौत हो गई। बिरसिंहपुर अस्पताल के सामने उसकी बाइक सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकरा गई थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजेश दोस्तपुर थाना क्षेत्र के भदीला गांव का निवासी था। वह रविवार रात जयसिंहपुर कोतवाली के जयसिंहपुर खुर्द गांव स्थित अपने ननिहाल में एक निमंत्रण में शामिल होने आया था। सोमवार सुबह करीब 4 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी बिरसिंहपुर अस्पताल के सामने उसकी बाइक सड़क किनारे लगे संकेतक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। राजेश मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी इन्द्रमती (37), बेटे शिवम (26), सत्यम (19), कृष्णा (17) और बेटी शिवांगी (12) शामिल हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

