गोण्डा 10 नवंबर। सोमवार को यातायात माह नवंबर-2025 के दृष्टिगत जनपद में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में आज प्रभारी यातायात जगदम्बा गुप्ता, टी0एस0आई0 राकेश कुमार, आरक्षी योगेश कुमार, होमगार्ड दिनेश चंद पाण्डेय, काशीराम एवं पी0आर0डी0 राजकुमार द्वारा मुख्यालय पर स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह इंटर कॉलेज में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्रों को हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही उपस्थित छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों से संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए एवं उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में यातायात अनुशासन का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।
इस दौरान बताया गया जनपदीय पुलिस द्वारा यातायात माह के दौरान इसी प्रकार जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग करने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

