जौनपुर 10 नवंबर (आरएनएस )। नगर के तंदूरी दरबार बैंक्वेट हॉल में फलाह वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में विश्व प्रसिद्ध शायर डॉ.अल्लामा इकबाल की जयंती उर्दू दिवस के रूप में एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती शिक्षा दिवस के रूप में मनाई गयी। कार्यक्रम का शुभारंभ हाफिज मोहम्मद आजम ने तिलावत ए कुरआन से किया नात हाफिज एहसान खैराबादी ने प्रस्तुत किया। अध्यक्षता सेंट जोसेफ ग्रुप के चेयरमैन डॉ. नोमान खान ने की । मुख्य अतिथि के रूप में शारजाह दुबई मुशायरा के संस्थापक दानिश जिया एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में साजिद खान आजमी अध्यक्ष बहुगुणा स्मृति समिति आजमगढ़,डॉ. सरफराज खान चेयरमैन प्रतिनिधि नगर पंचायत जफराबाद, मोहम्मद आरिफ खान नगर अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी उपस्थित रहे। डॉ.नोमान खान ने कहा कि अल्लामा इकबाल और मौलाना आजाद ने शिक्षा को कौम की आजादी और ईमान का हिस्सा बताया,लेकिन आज का मुसलमान शिक्षा के महत्व को समझ नहीं पा रहा है,उर्दू भाषा हमारी संस्कृति से जुड़ी हुई है लेकिन इसके बावजूद आज लोग अपने बच्चों को उर्दू पढ़ाना नहीं चाहते हर कोई सिर्फ विदेशी भाषाओं की तरफ भाग रहा है जिसका सीधा असर हमारी अपनी संस्कृति पर पड़ रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दुबई के कारोबारी दानिश जिया ने कहा कि मौलाना आजाद ने शिक्षा को समाज की रीढ़ माना जबकि अल्लामा इकबाल ने अपनी शायरी के माध्यम से युवाओं में आत्मविश्वास और देशभक्ति का संचार किया।विशिष्ट अतिथि डॉ. सरफराज खान चेयरमैन प्रतिनिधि नगर पंचायत जफराबाद ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मस्जिदों में मकतब की स्थापना पर जोर देते हुए कहा कि दोनों ही महापुरुषों का सपना था कि मुसलमानों के दिल में ईमान,हाथ में कलम और मकसद में इंसानियत हो और आज हमें उनके सपने को साकार करने के लिए आगे आने की आवश्यकता है। साजिद खान आजमी ने कहा कि उर्दू भाषा हमें तहजीब सिखाती है जिसे जिंदा रखना अति आवश्यक है। आरिफ खान ने कहा कि उर्दू प्यारी भाषा है मगर आज राजनीति ने हिन्दू मुस्लिम में बांट कर इसके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है जो चिंतनीय है। नदवतुल उलमा लखनऊ के पूर्व कुलपति मौलाना अबुल इरफान खान नदवी के नाम से अवार्ड देने की पहल हुई और शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले मौलाना इम्तियाज नदवी को फलाह वेलफेयर ट्रस्ट की तरफ से 10 हजाररूपए और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन मजहर आसिफ ने किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

