जीजीआईसी फाफामऊ की छात्राओं ने किया विश्वविद्यालय का शैक्षिक भमण
प्रयागराज 10 नवंबर (आरएनएस)। बेटियों के बल पर ही कोई राष्ट्र विकसित हो सकता है। बेटियां आज साइकिल, गाडिय़ां और हवाई जहाज चला रही हैं, जिससे हमारा देश आज उन्नति की ओर अग्रसर है। बेटियां अपनी ऊर्जा को पहचानें। बेटियों के पास बहुत बड़ी शक्ति है। पढ़ाई लिखाई को कभी मत छोड़ें।
उक्त उद्गार उ प्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने विश्वविद्यालय शैक्षिक भ्रमण को आईं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फाफामऊ की छात्राओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने छात्राओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुये जीवन में अधिक से अधिक ज्ञानार्जन हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय उनकी हर तरह की सहायता के लिए उपलब्ध है। इसके साथ ही वन्देमातरम् के 150वाँ वर्ष पूर्ण होने के क्रम में सभी ने सामूहिक वन्देमातरम् का गान किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के अत्यंत महत्वपूर्ण मिशन समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को उच्च शैक्षिक, तकनीकी, प्रबंधन संस्थानों एवं विश्वविद्यालय में भ्रमण की योजना के क्रम में सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फाफामऊ, प्रयागराज की 200 छात्राओं ने प्रधानाचार्य श्रीमती नीलम मिश्रा के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया। जिसमें उन्होंने मुक्त विश्वविद्यालय की शैक्षिक कार्य प्रणाली को विस्तार से समझा। इस शैक्षिक भ्रमण का संयोजन प्रोफेसर देवेश रंजन त्रिपाठी द्वारा किया गया। सर्वप्रथम समस्त छात्राओं को पांच समूह में वर्गीकृत किया गया।
विश्वविद्यालय की ओर से प्रत्येक समूह का नेतृत्व मार्गदर्शन क्रमश: सहायक आचार्य डॉ0 सोहनी देवी, डॉ0 नीता मिश्रा, डॉ0 सफीना समावी, डॉ0 दीपशिखा श्रीवास्तव, डॉ0 अनुराधा तथा सुश्री सौम्या तिवारी द्वारा किया गया। राजकीय विद्यालय की ओर से प्रत्येक समूह के साथ उनकी शिक्षक श्रीमती सत्या जायसवाल, श्रीमती मनीषा गुप्ता, श्रीमती रितम्भरा शुक्ला तथा श्रीमती अर्चना तिवारी ने अपना सह नेतृत्व प्रदान किया।
अंतिम पड़ाव में छात्राओं और शिक्षकों ने अपनी जिज्ञासाओं को प्रस्तुत किया, जिसका समाधान प्रोफेसर देवेश रंजन त्रिपाठी द्वारा करते हुए सभी को विश्वविद्यालय आने पर धन्यवाद दिया एवं कुलपति के प्रति आभार प्रकट करते हुए शैक्षिक भ्रमण को समाप्त किया। जनसंपर्क अधिकारी डॉ प्रभात चंद मिश्र ने बताया कि इससे पूर्व जीजीआईसी सिविल लाइंस की छात्राओं ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया था।-(कुशीनगर) 1.800 किग्रा अवैध गांजा के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार, भेजे गए जेल
कुशीनगर, 10 नवम्बर (आरएनएस)। जनपद के जटहां बाजार पुलिस ने 1.800 किग्रा0 अवैध गांजा व एक अदद मोटर साइकिल व अन्य सामान कुल बरामदगी कीमत लगभग 1,30,000/- रु0 के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी मीडिया सेल से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों के परिवहन, निष्कर्षण व बिक्री के के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में जटहां बाजार पुलिस द्वारा 02 अभियुक्त राजू कुशवाहा पुत्र प्रभंस कुशवाहा, कमलेश कुशवाहा पुत्र प्रभंस कुशवाहा साकिन पडरी पिपर पाती टोला महदेवा थाना जटहाँ बाजार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 01 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा व एक अदद मोटर साइकिल व अन्य सामान आदि बरामद किया गया। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0-169/2025 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अभियुक्तों को जेल भेज दिया है। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार, उ0नि0 विकास कौल, का0 संतोष कुमार सिंह, का0 विश्वजीत राय शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

