रायपुर, 13 नवंबर (आरएनएस)। भूमाफिया गुरुचरण सिंह होरा पीडि़त संघ सुंदर नगर रायपुर के अध्यक्ष भास्कर शर्मा सत्येंद्र शर्मा शेखर साहू करूणा शर्मा, मिथलेश धीवर, हेमराज एवं विवेक शर्मा ने संयुक्त रूप से प्रेसक्लब रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में आरोप लगाया कि उनकी पंजीकृत भूमि पर गुरुचरण होरा द्वारा अपने भांजों के नाम से बोर्ड लगाकर औने पौने मूल्य पर उन्हें भूमि बेचने पर मजबूर कर रहा है। पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा के संरक्षण में उक्त भूमि पर कांग्रेस सरकार के समय 2023 में उनकी जमीनों पर अवैध कब्जा किया गया। उक्त मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लेकर सभी जिम्मेदारों को लिखित में शिकायत की गई है इसके बावजूद भी पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उक्त मामले में न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में गुरुचरण सिंह होरा की कार्रवाइ को शून्य घोषित किया गया है। प्रभावित पक्ष जब भी निर्माण के लिए अपनी भूमि पर जाता है वह गुंडों के जरिए उन पर पत्थर बाजी करवाता है युवतियों को भेजकर उन्हें ब्लेकमेल करता है। आरोप में आगे कहा गया कि प्रभावित पक्ष ने बड़ी मुश्किल से लोन लेकर भूमि को खरीदा है किंतु इस भूमाफिया ने उन्हें डराने धमकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सत्येंद्र सोनकर पुरानी बस्ती ने बताया कि सन 1980 में मृत महिला चमारिन बाई सोनकर के नाम पर भूमि को 1999 में जीवित बताकर फर्जी रजिस्ट्री 2006 में कराने के मामले को लेकर अदालत ने मामले को खारिज करते हुए उसे शून्य घोषित किया है इसी तरह अन्य भूमि में भी फर्जी रजिस्ट्री करवा कर मामले को अपने पक्ष में करने के लिए गुरुचरण सिंह होरा द्वारा दस्तावेजों में हेराफेरी कर कूटरचित अपराध किया गया है। प्रभावितों ने पत्रकार वार्ता में कहा कि उन्हें शीघ्र न्याय नहीं मिला तो 16 नवंबर रविवार को वे सुबह 11 बजे ब्राम्हण पारा आजाद चौक स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर एकदिवसीय धरना देंगे।
संदीप
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

