० ट्रक सहित 75 लाख से अधिक का माल जप्त, चालक गिरफ्तार
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 06 जून (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहला-मानपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 800 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त किया है। इस कार्रवाई में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा वाहन सहित कुल माल की कीमत लगभग 75 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल एवं देवचरण पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार दिनांक 06 जून 2026 को थाना मानपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग के ट्रक में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर मध्यप्रदेश से महाराष्ट्र की ओर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय मानपुर के समीप एमसीपी (मोबाइल चेक पोस्ट) स्थापित कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
चेकिंग के दौरान वाहन क्रमांक सीजी 15 डीजेड 4515 को रोका गया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने का प्रयास किया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम बलराम सिंह पिता दिमान सिंह डांगी, निवासी नागपुर (महाराष्ट्र) बताया। वाहन की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
जप्त शराब में लगभग 100 पेटी रॉयल स्टेज, 300 पेटी बीयर एवं 400 पेटी गोवा व्हिस्की शामिल है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 50,28,000 रुपये बताई गई है। वहीं ट्रक की कीमत लगभग 25,00,000 रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जप्त सामग्री की कीमत लगभग 75,28,000 रुपये है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शराब मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से लोड की गई थी और इसे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली क्षेत्र में अवैध रूप से सप्लाई किया जाना था, जहां शराब दुकानें नहीं होने के कारण अवैध खपाने की योजना थी। आरोपी ने यह भी बताया कि वह महाराष्ट्र में एक व्यक्ति के संपर्क में था, जिसके निर्देश पर माल की डिलीवरी की जानी थी।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन एवं शराब को विधिवत जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों एवं नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है।
यह संपूर्ण कार्रवाई थाना प्रभारी मानपुर निरीक्षक कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में की गई, जिसमें थाना मानपुर पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल मोहला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०


