नईदिल्ली,16 फरवरी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सिडनी में खेले गए पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम को हराया। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में सभी विकेट खोकर 133 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने जब 5.1 ओवर के बाद 50/1 का स्कोर बनाया था, तब बारिश के खलल के चलते मैच आगे नहीं हो पाया और आखिरकार डक वर्थ लुईस की बदौलत भारत को विजेता घोषित किया गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को बेथ मूनी (5) और जॉर्जिया वोल (18) के रूप में शुरुआती झटके लगे। इसके बाद फीबी लिचफील्ड (26) और जॉर्जिया वेयरहम (30) ने टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। जवाब में भारत से शफाली वर्मा 11 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुई। बारिश से मैच रुकने तक स्मृति मंधाना (16) और जेमिमा रोड्रिगेज (9) क्रीज पर थी।
अरुंधति रेड्डी ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किया। दाएं हाथ की इस तेज गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया की प्रमुख बल्लेबाज एलिस पेरी (20) को आउट करते हुए विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने लिचफील्ड, डार्सी ब्राउन और वेयरहम को भी अपनी गेंदबाजी में पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने 4 ओवर में 22 रन देते हुए 4 विकेट लिए। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 26.14 की औसत से 41 विकेट लिए हैं।
भारतीय टीम ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। अब सीरीज का दूसरा मैच 19 फरवरी को कैनबरा और तीसरा टी-20 मुकाबला 21 फरवरी को एडिलेड में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया की पेरी ने 11 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 20 रन बनाए। इस बीच उन्होंने रनों के मामले में इंग्लैंड की पूर्व दिग्गज सराह टेलर को पीछे छोड़ा। पेरी के नाम अब 112 पारियों में 30.88 की औसत और 117.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,193 रन हो गए हैं, जिसमें 9 अर्धशतक शामिल हैं। टेलर ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत 2,177 रन के साथ किया था।
००


















